देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा को लेकर देश-दुनिया के श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा शुरू होने से पहले ही पंजीकरण का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। पर्यटन विभाग के अनुसार केवल एक सप्ताह में ही 5.18 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने ऑनलाइन पंजीकरण करा लिया है। इनमें सबसे अधिक पंजीकरण केदारनाथ धाम के लिए हुए हैं। राज्य में इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हो रही है। यात्रा के लिए पर्यटन विभाग ने छह मार्च से ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा शुरू की थी। इसके बाद से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंजीकरण करा रहे हैं। एक सप्ताह के भीतर ही पंजीकरण का आंकड़ा पांच लाख के पार पहुंच गया, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि इस वर्ष भी यात्रा में तीर्थयात्रियों की संख्या नया रिकॉर्ड बना सकती है।
पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए अब तक 1,73,157 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। इसके बाद बदरीनाथ धाम के लिए 1,52,478 तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया है। वहीं गंगोत्री धाम के लिए 97,622 और यमुनोत्री धाम के लिए 95,606 श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। पर्यटन विभाग ने बताया कि फिलहाल यह आंकड़े केवल ऑनलाइन पंजीकरण के हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी शुरू की जाएगी। इसके लिए हरिद्वार, ऋषिकेश, नया गांव और हरबर्टपुर समेत विभिन्न स्थानों पर कुल 50 पंजीकरण केंद्र बनाए जाएंगे, जहां तीर्थयात्री सीधे पंजीकरण करा सकेंगे। गौरतलब है कि पिछले वर्ष लगभग 70 लाख श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण कराया था, जबकि चारों धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या करीब 49 लाख रही थी। इस बार शुरुआती पंजीकरण की तेज रफ्तार को देखते हुए पर्यटन विभाग को उम्मीद है कि यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या नया कीर्तिमान स्थापित कर सकती है। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इस वर्ष भी चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या रिकॉर्ड बनाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं।